LIVE UPDATE

परसाभदेर में बस स्टैंड जमीन STP को देने पर आपत्तिः पूर्व नपा अध्यक्ष विक्रम पटेल सहित आम जनता ने दर्ज कराई शिकायत

लखन हरवानी: बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के ग्राम परसाभदेर में शासकीय भूमि के आवंटन को लेकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विक्रम पटेल और आम जनता ने आपत्ति दर्ज कराई है। यह आपत्ति नायब तहसीलदार बलौदाबाजार को संबोधित करते हुए 9 अप्रैल 2026 के दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित इश्तहार के संदर्भ में प्रस्तुत की गई है आपत्ति पत्र में बताया गया है कि ग्राम परसाभदेर, तहसील बलौदाबाजार के खसरा नंबर 513 की 0.720 हेक्टेयर भूमि को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा आवंटित करने की मांग की जा रही है। हालांकि, इसी खसरा नंबर की 1.200 हेक्टेयर भूमि पहले ही इसी उद्देश्य के लिए 30 जुलाई 2025 को कलेक्टर बलौदाबाजार द्वारा आवंटित की जा चुकी है।

एक ही उद्देश्य के लिए बार-बार जमीन आवंटन पर आपत्ति

आपत्ति करने वालों का कहना है कि एक ही संस्था को एक ही उद्देश्य के लिए बार-बार भूमि आवंटित करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारी द्वारा पूर्व में हुए आवंटन की जानकारी उच्च अधिकारियों से छिपाई जा रही है।आपत्ति पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह 0.720 हेक्टेयर भूमि पहले हाईटेक बस स्टैंड निर्माण के लिए आरक्षित की गई थी। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में भी इसका उल्लेख है। ऐसे में इस भूमि के उपयोग में बदलाव कर इसे एसटीपी के लिए आवंटित करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।इसके अतिरिक्त, हाईटेक बस स्टैंड निर्माण के लिए ग्राम कुकुरदी में अन्य भूमि आवंटन की प्रक्रिया भी विचाराधीन है। इस पर भी आम जनता द्वारा आपत्ति दर्ज कराई जा चुकी है और अंतिम निर्णय अभी लंबित है।

बस स्टैंड की जमीन बदलने पर साजिश का आरोप

आपत्ति करने वालों ने कहा है कि बस स्टैंड के लिए तय की गई जमीन को हटाकर उसे एसटीपी के लिए देने के पीछे किसी खास व्यक्ति को फायदा पहुंचाने की मंशा हो सकती है।उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि यह एक सोची-समझी साजिश हो सकती है। पहले भी हाईटेक बस स्टैंड को परसाभदेर से हटाकर कुकुरडीह ले जाने की कोशिश की गई थी। अभी पनगांव में हाईटेक बस स्टैंड के लिए जमीन पहले से तय है, लेकिन उसे रद्द किए बिना ही उसी जमीन को एसटीपी के लिए देने की मांग हो रही है।आपत्ति करने वालों का कहना है कि अगर ऐसा हुआ, तो बस स्टैंड के लिए सिर्फ कुकुरडीह में ही जमीन बची दिखेगी, जिससे बाद में बस स्टैंड को वहां शिफ्ट किया जा सकता है।

सरकारी जमीन आवंटन पर 52 लोगों ने जताई आपत्ति

इस आपत्ति पत्र पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विक्रम पटेल समेत प्रवीण बंछोर, रविशंकर कंवर, विनय साहू, रमेश साहू, प्रखर वर्मा, संतोष गुप्ता, शरद पटेल, प्रशांत अग्रवाल, केश कुमार वर्मा, राजेश गुप्ता, विनय केसरवानी, मदन गोपाल साहू, राजू साहू, प्रदीप साहू, प्रमोद साहू सहित कुल 52 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं और अपनी आपत्ति लिखित रूप में दी है।जनता ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस जमीन को एसटीपी के लिए दोबारा आवंटित न किया जाए, क्योंकि इसके लिए पहले से ही पर्याप्त जमीन दी जा चुकी है।

Related Articles