बलौदाबाजार में 15 नवंबर से धान खरीदीः 31 केंद्रों पर तैयारी पूरी, 67 टोकन कटे, 2575 क्विंटल बिकने की उम्मीद

बलौदाबाजार। लखन हरवानी : छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 15 नवंबर से राज्य में धान खरीदी शुरू करने की घोषणा के बाद बलौदाबाजार जिले ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। जिले के 31 निर्धारित खरीदी केंद्रों पर किसानों ने ‘तुहर हाथ’ मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से 69 टोकन स्वयं काटे हैं। इन टोकन के आधार पर पहले दिन लगभग 2575 क्विंटल धान की खरीदी होने की उम्मीद है।
खरीदी से पहले टोकन कटिंग प्रक्रिया में जिले के किसानों ने काफी रुचि दिखाई है। अब तक किसानों द्वारा स्वयं 67 टोकन काटे जा चुके हैं, जिनके तहत 4848 क्विंटल धान बेचा जाएगा। अर्जुनी समिति द्वारा दो किसानों के टोकन काटे गए हैं। इस समिति में खरीदी का शुभारंभ मंत्री टंक राम वर्मा करेंगे।
धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू, सभी तैयारियां पूरी
प्राधिकृत अधिकारी नंद कुमार वर्मा और मुकेश साहू ने बताया कि धान खरीदी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खरीदी 15 नवंबर से ही शुरू हो जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि धान खरीदी सरकार की प्राथमिकता में है और इसमें कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। जिला खाद्य अधिकारी पुनीत राम वर्मा ने जानकारी दी कि सभी समितियों में बारदाना (खाली बोरियां) पहुंच चुका है।
हड़ताल के बावजूद ‘तुहर हाथ’ एप से किसानों को लाभ
समितियों के कर्मचारी वर्तमान में हड़ताल पर हैं, इसके बावजूद ‘तुहर हाथ’ एप के माध्यम से टोकन कटिंग की सुविधा ने किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया है। इस तकनीकी पहल ने किसानों की कर्मचारियों पर निर्भरता कम की है और शासन के प्रयासों में उनका सहयोग बढ़ाया है।
जिले के 31 खरीदी केंद्रों में पहले दिन से ही धान खरीदी शुरू होगी। इनमें कोदवा, ससहा, सिमंगा, शिकारी केशली, भाटापारा, खपराडीह, खैरा, हथबंध, निपनिया, खैरी, कोलिहा, खोखली, अमेरा, कोसमंदी, ठेहका, रोहरा, चंदेरी, डोंगरियां, तुलसी, कोटमी, ओड़ान, देवरी, दामाखेड़ा, सुहेला, बनसाकरा, मनहोरा, रेंगाडीह, अर्जुनी, लेवाई, फुलवारी और पलारी शामिल हैं।









