शहीद संतराम साहू की 17वीं पुण्यतिथि पर खिलाड़ियों ने दी श्रद्धांजलि



चंदन जायसवाल: कसडोल। राजनांदगांव जिले के मदनवाड़ा में वर्ष 2009 में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए कसडोल के वीर जवान संतराम साहू की 17वीं पुण्यतिथि पर स्टार लाइन खेल समिति द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद संतराम साहू को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त प्राचार्य के.आर. कैवर्त्य ने कहा कि संतराम साहू उनके शिष्य रहे हैं। छात्र जीवन में वे खो-खो के उत्कृष्ट खिलाड़ी थे और राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कसडोल का नाम रोशन किया था। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करते हुए उनकी शहादत पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।




इस अवसर पर स्टार लाइन खेल समिति के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं पुलिस आरक्षक महेंद्रपाल साहू (बाबा) ने कहा कि शहीद संतराम साहू समिति के वरिष्ठ खिलाड़ियों में शामिल थे। उनके खेल कौशल की पूरे प्रदेश में सराहना होती थी। उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कसडोल को पहचान दिलाई और बाद में देश सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी शहादत सदैव खिलाड़ियों और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में आलोक मिश्रा, संतोष साहू, कमलेश कश्यप, रमेश ध्रुव, राजेंद्र पटेल, वरिष्ठ खिलाड़ी राघवेंद्र राव (लाला) सहित स्टार लाइन खेल समिति के सभी खिलाड़ी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद संतराम साहू के प्रति अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।









