Raipur Crime : रायपुर में प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार, ओड़िशा से यूपी ले जा रहे थे गांजा, पुलिस और RPF की संयुक्त कार्रवाई, 13 किलो गांजा जप्त



रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुढ़ियारी थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग एरिया से दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक पुरुष और एक महिला शामिल है, जो पुलिस को चकमा देने के लिए पति-पत्नी का स्वांग रचकर तस्करी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र प्रसाद (उत्तरप्रदेश) और हेमलता कैवर्त्य (बिलासपुर/प्रयागराज) आपस में प्रेमी-प्रेमिका हैं। पुलिस की नजरों से बचने के लिए ये दोनों ट्रेन में पति-पत्नी की तरह सफर करते थे ताकि किसी को शक न हो। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे ओड़िशा के खड़ियार रोड से गांजा लेकर प्रयागराज (यूपी) जा रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के पास रखे बैग से 13.156 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। जप्त गांजे और 2 मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 6,77,800 रुपये आंकी गई है। गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 114/2026 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट (NDPS) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
यह कार्रवाई डीसीपी (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देशन और एडीसीपी आकाश मरकाम व एसीपी पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में की गई। टीम में गुढ़ियारी थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर और RPF निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही।











