रायपुर प्रेस क्लब चुनाव संपन्न, मोहन तिवारी बने अध्यक्ष

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज रायपुर प्रेस क्लब का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत किया। मतदान सुबह 8 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान समाप्त होने के बाद शाम 6 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई, जो रात करीब 10 बजे तक चली। अध्यक्ष पद के लिए अनिल पुसदकर, केके शर्मा, मोहन तिवारी, प्रफुल्ल ठाकुर, प्रशांत दुबे और सुनील नामदेव के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सभी दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए मोहन तिवारी ने शानदार जीत दर्ज की और रायपुर प्रेस क्लब के नए अध्यक्ष चुने गए।
अन्य पदों पर भी रोचक मुकाबले हुए। उपाध्यक्ष पद के लिए दिलीप कुमार साहू ने जीत हासिल की। कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश कुमार यदु निर्वाचित हुए, जबकि महासचिव पद पर गौरव शर्मा ने सफलता प्राप्त की। संयुक्त सचिव पद के लिए निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े को विजयी घोषित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाइयाँ दी गईं। पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी प्रेस क्लब को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाएगी।









