छत्तीसगढ़ किकेट प्रीमियर लीग का पहला मैच रायपुर रायनोंस ने जीता



रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सी.सी.पी.एल.) के तृतीय संस्करण का आयोजन 03 जून 2026 से 14 जून 2026 तक शहीद वीर नारायण सिंह अंर्तराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में किया जा रहा है।
लीग का पहला मैच दिनांक 03 जून 2026 को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंर्तराष्ट्रीय किकेट स्टेडियम में रायपुर रायनोज तथा राजनांदगांव पैंथर्स के मध्य खेला गया। राजनांदगांव पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय किया।
रायपुर रायनोस ने पहले बल्लेबाजी करते हुये निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 228 रनों का विशाल स्कोर बनाया। रायपुर रायनोस की ओर से कप्तान अमनदीप खरे ने 55 गेंदों में 11 चौकों तथा 3 छक्कों की मदद से 102 रनों की शानदार पारी खेलीं। उनके अतिरिक्त अमित कुमार यादव ने 45 गेंदो में 85 रनों की शानदार पारी खेली। अमनदीप तथा अमित के मध्य पहले विकेट के लिये 147 रनों की साझेदारी हुयी। राजनांदगांव पैंथर्स की ओर से सत्यम दुबे ने 2 विकेट प्राप्त किये।
229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स की शुरुवात खराब रही। राजनांदगांव की पुरी टीम 16 ओवरों में 138 रन बनाकर ऑलआउट हो गयी। राजनांदगांव की ओर से कप्तान अजय मंडल ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुये 74 रन बनाये। उनके अतिरिक्त किसी भी बल्लेबाज ने बडी पारी नहीं खेली। रायपुर रायनोंस की ओर से गौरव चर्तुवेदी ने 4 विकेट, आशिष चौहान तथा प्रशांत साई पैकरा ने 2-2 विकेट प्राप्त किये।
रायपुर रायनोस ने 90 रनों से मैच जीत लिया। अमनदीप खरे प्लेयर ऑफ द मैच रहे।










