LIVE UPDATE

रायपुर: स्पा सेंटर बंद होने पर भड़का PSO, की हवाई फायरिंग, पुलिस ने 2 घंटे में दबोचा

रायपुर: राजधानी के पॉश इलाके कटोरा तालाब स्थित एक ब्यूटी पार्लर एंड स्पा सेंटर में मंगलवार (25 फरवरी 2026) को स्पा कराने की जिद पर अड़े दो युवकों ने संचालिका से विवाद के बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। सिविल लाइन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिकायत के महज 2 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है। कटोरा तालाब स्थित स्पा सेंटर बंद हो चुका था। तभी दो युवक वहां पहुंचे और स्पा कराने की जिद करने लगे। संचालिका ने जब यह कहा कि दुकान बंद हो गई है और स्टाफ घर जा चुका है, तो नशे में धुत्त युवक बहस करने लगे। इसी दौरान आवेश में आकर एक युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर हवा में गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।

हवाई फायरिंग की इस घटना से स्पा संचालिका और आसपास के लोग दहशत में आ गए। डर के कारण संचालिका ने रात में रिपोर्ट नहीं लिखाई, लेकिन अगले दिन दोपहर में हिम्मत जुटाकर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया।

सूचना मिलते ही डीसीपी (मध्य) के निर्देशन में पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने मात्र 2 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सुनील कुमार पाण्डेय (46), जो उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का रहने वाला है और रायपुर में प्राइवेट पीएसओ (PSO) का काम करता है, ने ही फायरिंग की थी। उसका साथी अंगद सिंह (33) पेशे से ड्राइवर है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाइसेंसी पिस्टल और एक एयर गन जब्त की है। फिलहाल पुलिस ने आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles