भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में सैय्यद रजा को अहम जिम्मेदारी, बने बिलासपुर ग्रामीण जिला प्रभारी




रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान ने संगठन के संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियों की घोषणा की है। इस घोषणा में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद रजा को बिलासपुर ग्रामीण जिला प्रभारी एवं सौरव देव को बिलासपुर ग्रामीण जिला सहा प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।. संगठन की ओर से जारी सूची के अनुसार सैय्यद रज़ा को संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के समन्वय और पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति को संगठन ने अल्पसंख्यक समाज के बीच पार्टी को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना है। नई जिम्मेदारी मिलने पर सैय्यद रजा ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान एवं संगठन के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। सैय्यद रज़ा ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे संगठनात्मक अनुशासन का पालन करते हुए पार्टी की विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ अल्पसंख्यक समाज को संगठन से जोड़ने का कार्य पूरी सक्रियता से करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सैय्यद रजा को नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिलासपुर ग्रामीण में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।









