भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, सैय्यद तथीर रज़ा को मिली प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान ने अपनी टीम का विस्तार करते हुए सैय्यद तथीर रज़ा को प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति को संगठन में अल्पसंख्यक समुदाय की भागीदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से कई नए चेहरों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। यह नियुक्तियां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव की सहमति एवं राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में की गई हैं।
सैय्यद तथीर रज़ा ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को अल्पसंख्यक समुदाय के हर व्यक्ति तक पहुंचाएंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
सैय्यद तथीर रज़ा की नियुक्ति पर उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का आह्वान किया है।










