LIVE UPDATE

रायपुर रेलवे कॉलोनी में हुये हत्या का खुलासा, साथ घुमाने के बहाने घर से ले जाकर दोस्त ने दिया वारदात को अंजाम, 12 घंटे में कातिल बिट्टू गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के फाफाडीह इलाके में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने चंद रुपयों के विवाद में अपने ही जिगरी दोस्त की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर वारदात की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला गंज थाना क्षेत्र का है।

बुधवार, 5 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि फाफाडीह स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे खारुन विहार नाले के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा है। सूचना मिलते ही डीसीपी सेंट्रल जोन, एडिशनल डीसीपी, एसीपी कोतवाली और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान राजा साहू (25 वर्ष), निवासी चूना भट्ठी के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में साफ दिखा कि मृतक राजा साहू अपने घर से सुबह करीब 8 बजे एक परिचित युवक के साथ निकला था। परिजनों ने भी बताया कि राजा किसी दोस्त के साथ बाहर गया था। वह दोस्त कोई और नहीं, बल्कि राजा का पड़ोसी बिट्टू यादव (19 वर्ष) निकला। फुटेज में भी वह घटनास्थल के आसपास देखा गया।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी बिट्टू यादव को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह और राजा अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ घूमते थे। कुछ दिन पहले राजा से बिट्टू की गाड़ी में टूट-फूट हो गई थी, जिसके पैसे वह राजा से मांग रहा था। बार-बार पैसे मांगने पर भी जब राजा ने नहीं दिए, तो बिट्टू नाराज हो गया।

घटना वाली सुबह दोनों घूमने निकले थे। इसी दौरान फिर से पैसों को लेकर बहस हुई। आवेश में आकर बिट्टू ने राजा पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर मौके से फरार हो गया।

डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीमें बनाईं। सीसीटीवी फुटेज, परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर ही आरोपी बिट्टू यादव को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles