कोलता समाज के वार्षिक स्नेह सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व विधायक डॉ. संपत अग्रवाल, रणेश्वर रामचंडी मंदिर में टेका मत्था

बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़फूलझर में बाबा बिसाशहे कुल कोलता समाज के तत्वावधान में वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन समारोह पूरे हर्षोल्लास व गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में बसना के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र रणेश्वर रामचंडी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मां रामचंडी और आराध्य देव के समक्ष शीश नवाकर समस्त प्रदेशवासियों की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए मंगलकामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए अति विशिष्ट अतिथि बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि बाबा बिसाशहे कुल कोलता समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली और परिश्रम की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि कोलता समाज अपनी कर्मठता, कृषि निष्ठा, संगठनात्मक शक्ति और समृद्ध सांस्कृतिक मूल्यों के लिए पूरे प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। ऐसे वार्षिक स्नेह सम्मेलन न केवल सामाजिक बंधनों को प्रगाढ़ करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और पूर्वजों के आदर्शों से जोड़े रखने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने समाज के युवाओं और प्रबुद्धजनों को प्रेरित करते हुए आगे कहा कि आधुनिक समय में शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता ही प्रगति का सबसे बड़ा आधार हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित और जागरूक होता है, तो वह पूरे क्षेत्र और राज्य के सर्वांगीण विकास में पथप्रदर्शक बनता है। हमारी सरकार और मैं स्वयं क्षेत्रीय विधायक के नाते कोलता समाज के उत्थान, सामाजिक कार्यों और क्षेत्र के विकास के लिए हर कदम पर तत्पर और समर्पित हैं। समाज की हर जायज मांग और विकास संबंधी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी कोलता समाज की समृद्ध परंपराओं की सराहना करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज के योगदान पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नागरिकों द्वारा अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों, पुष्पगुच्छ, शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर सांसद (सम्बलपुर लोकसभा) एवं पूर्व केन्द्रीय शिक्षा मंत्री (भारत सरकार) धर्मेन्द्र प्रधान, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल,सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा रूपकुमारी चौधरी, रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा,विधायक बरगढ़ अश्वनी षड़ंगी,विधायक बिजेपुर सनत गड़तिया,विधायक आताबिरा निहरंजन महानंद,विधायक सरायपाली चातुरी नंद,अध्यक्ष जिला पंचायत महासमुंद मोंगरा पटेल,पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर,जिला अध्यक्ष भाजपा महासमुंद येतराम साहू,अध्यक्ष, युवा मोर्चा बसना आकाश सिन्हा,महाराज किशोर दास महाराज,महामंत्री युवा मोर्चा नवीन भट्ट,रितेश अग्रवाल,डॉ. गजानंद अग्रवाल,राजेन्द्र अग्रवाल,मंच संचालक तरुण दास,अज्जू अग्रवाल,लोक गायक लिंगराज पटेल,कुपेन्द्र पण्डा,लोक गायिका डा. प्रियंका त्रिपाठी,प्रियंका त्रिपाठी के पिता सुभाष त्रिपाठी,कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बाबा बिसाशहे कुल कोलता समाज के अध्यक्ष गिरधारी साहू, क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक पदाधिकारीगण, कुल कोलता समाज के वरिष्ठजन, समस्त मीडिया के पत्रकार साथी, शासन-प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी,समाज के प्रमुख पदाधिकारी, सामाजिक बंधु, महिलाएं, युवा कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन सामाजिक एकता और क्षेत्र के विकास के संकल्प के साथ हुआ।

Advertisement

Related Articles