छत्तीसगढ़ : पुलिस-नक्सल मुठभेड़ में अदम साहस व वीरता का परिचय देने वाले 66 जवानों को मिली पदोन्नति

छत्तीसगढ़ : कांकेर छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ों में अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदोन्नति देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह 5 जून 2025 को आयोजित किया गया, जिसमें 66 पुलिस कर्मियों को उनकी वीरता के लिए उच्च पद प्रदान किए गए।

ये भी पढ़ें – रायपुर क्राइम : आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार, छत से कूदकर युवती ने दी जान

इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर रेंज श्री अमित तुकाराम कामले, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री आई. के. एलिसेला, कलेक्टर कांकेर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर श्री संदीप पटेल उपस्थित रहे। इन अधिकारियों ने मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय देने वाले अधिकारियों और जवानों को स्टार, बैच और फीता लगाकर पदोन्नत किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस सम्मान समारोह में कुल 66 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई। इसमें चार उप निरीक्षकों को निरीक्षक, दो सहायक उप निरीक्षकों को उप निरीक्षक, पांच प्रधान आरक्षकों को सहायक उप निरीक्षक और 55 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक बनाया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि ये पदोन्नतियां केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि इन जवानों की बहादुरी और समर्पण का प्रतीक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कर्मियों की निष्ठा और साहस से ही छत्तीसगढ़ में शांति और कानून व्यवस्था बनी हुई है। इस अवसर पर सभी पदोन्नत कर्मियों को बधाई दी गई और उनसे भविष्य में भी ऐसे ही कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने की अपेक्षा जताई गई।

Advertisement

Related Articles