रायपुर में देर रात चाकूबाजी की दो वारदात, दो युवकों की मौत; एक मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार



रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। डीडी नगर थाना क्षेत्र में सामने आई दोनों वारदातों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने महादेव घाट रोड पर हुई, जबकि दूसरी वारदात चंगोराभाठा के श्रीराम नगर इलाके में सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुरा चौक पर विवाद के बाद चाकूबाजी, युवक की मौत

पहली घटना रायपुरा चौक के पास महादेव घाट रोड की है। पुलिस के मुताबिक कैलाश निषाद अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टीकेंद्र देवांगन ने कैलाश को रोक लिया और कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले के दौरान कैलाश ने टीकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी हथियार से उस पर वार कर दिया। चाकू के गंभीर वार से टीकेंद्र देवांगन की मौत हो गई। वहीं घटना में कैलाश निषाद भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल कैलाश को AIIMS रायपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
फिलहाल दोनों युवकों के बीच विवाद की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
चंगोराभाठा में युवक की चाकू मारकर हत्या
दूसरी घटना 23 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे चंगोराभाठा के श्रीराम नगर इलाके में हुई। प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार मृतक भोला विश्वकर्मा (20) का स्थानीय युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने भोला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो अपचारी बालक भी शामिल हैं। वहीं मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।
हत्या और बलवा की धाराओं में अपराध दर्ज
पुलिस ने चंगोराभाठा हत्याकांड में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या, बलवा सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
रायपुर में एक ही थाना क्षेत्र में देर रात हुई इन दोनों चाकूबाजी की घटनाओं के बाद इलाके में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दोनों घटनाओं के पीछे की परिस्थितियों और विवाद के कारणों की पूरी तस्वीर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।








