आशीर्वाद सेवा समिति का रक्तदान शिविर: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह, कहा-रक्तदान ही सबसे बड़ा मानव धर्म





बसना/सांकरा। बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सांकरा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आशीर्वाद सेवा समिति द्वारा एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का गरिमामय आयोजन किया गया। इस पुनीत अवसर पर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मानव जीवन की सार्थकता पीड़ित मानवता की सेवा में ही निहित है। रक्तदान को महादान यूं ही नहीं कहा गया, क्योंकि विज्ञान चाहे कितनी भी प्रगति कर ले, रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं बनाया जा सकता। यह केवल एक संवेदनशील मानव द्वारा दूसरे जरूरतमंद मानव को ही दिया जा सकता है। आपात स्थिति, दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए रक्तदाता साक्षात जीवनदाता बनकर सामने आते हैं। आशीर्वाद सेवा समिति द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत उठाया गया यह कदम अत्यंत प्रेरणादायी और अनुकरणीय है।

शिविर के दौरान रक्तदान कर रहे युवाओं और नागरिकों के पास पहुंचकर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने रक्तदाताओं की पीठ थपथपाते हुए कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि इससे नया रक्त बनता है और स्वास्थ्य बेहतर रहता है। आपका यह निस्वार्थ समर्पण समाज के लिए एक नजीर है। आज की युवा पीढ़ी जिस उत्साह के साथ आगे आकर रक्तदान कर रही है, वह इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्कृति में सेवा और परोपकार की भावना सबसे ऊपर है। जब तक ऐसे संवेदनशील नागरिक और युवा हमारे साथ हैं, समाज का कोई भी व्यक्ति रक्त के अभाव में दम नहीं तोड़ेगा।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सभी रक्तदाताओं को स्वयं अपने कर-कमलों से प्रशस्ति पत्र (सर्टिफिकेट) एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह केवल कागज का एक प्रमाण पत्र नहीं है, बल्कि यह आपके भीतर के उस मानवीय संकल्प का प्रतीक है जिसने किसी अनजान व्यक्ति को जीवनदान दिया है। यह सम्मान पत्र आपको जीवन भर इस बात का अहसास कराएगा कि आपने मानवता के हित में सर्वश्रेष्ठ योगदान दिया है। आप सभी समाज के सच्चे नायक हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपका यह कदम क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगा और बसना विधानसभा में रक्तदान एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप लेगा।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष पिथौरा ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, अध्यक्ष आशीर्वाद सेवा समिति पिथौरा डॉ सुशील प्रधान, विधायक प्रतिनिधि कैलाश अग्रवाल, अध्यक्ष सरपंच संघ सतपाल सिंह छाबड़ा, विधायक प्रतिनिधि एवं जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, सभापति जनपद पिथौरा कंवलजीत छाबड़ा, जनपद सदस्य अजय अग्रवाल,मंडल अध्यक्ष सांकरा हलधर साहू,मंडल अध्यक्ष पिरदा अभिमन्यु प्रधान,जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सीताराम सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि खेमराज अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि सोनू छाबड़ा, महामंत्री भाजपा सांकरा झाड़ूराम परमार, अध्यक्ष युवा मोर्चा सांकरा विजय चौधरी,सुभाष बंजारा,मनीराम निषाद,सुशील मेहर, कोषाध्यक्ष युवा मोर्चा कमल अग्रवाल,जिला उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा संतोष मांझी,मंच संचालक नीलमणि प्रधान,जिला पंचायत सदस्य मोक्ष प्रधान,पत्रकार गौरव चंद्राकर,जिला अध्यक्ष पत्रकार संघ बलराज नायडू ,आशीर्वाद सेवा समिति के समस्त पदाधिकारी, विद्यालय परिवार, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। शिविर के अंत में समिति के पदाधिकारियों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।











