गांधी जी व्यक्ति नहीं, बल्कि सत्य और अहिंसा का अमर विचार: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल





बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमड़ी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पावन जयंती अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर ‘गंगाजल महिला स्व-सहायता समूह’ एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में शामिल होकर विधायक डॉ. अग्रवाल ने बापू की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन एवं माल्यार्पण कर नमन किया।
उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी जी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक शाश्वत विचार और जीवन दर्शन हैं। उन्होंने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और स्वदेशी के संकल्प से देश के स्वाधीनता संग्राम को जन-जन का आंदोलन बना दिया था। आज भी उनके आदर्श और सिद्धांत पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। देश जब उनके दिखाए मार्ग पर चलकर आत्मनिर्भरता और समरसता को अपनाएगा, तभी एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव होगा।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि गांधी जी का जीवन दर्शन हमें समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुँचाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से बापू के बताए मार्ग पर चलते हुए स्वच्छता, सेवा और आपसी भाईचारे को अपने दैनिक जीवन में उतारने का आह्वान किया।
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने गंगाजल महिला स्व-सहायता समूह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी ने सदैव महिला सशक्तिकरण और कुटीर उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया था। आज हमारी माताएं-बहनें स्व-सहायता समूहों के जरिए आत्मनिर्भर बनकर बापू के स्वावलंबन के सपने को धरातल पर साकार कर रही हैं। उन्होंने समूह की महिलाओं को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उनके सामाजिक व आर्थिक योगदान की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि कैलाश अग्रवाल,सरपंच ग्राम पंचायत जमड़ीभरत डड़सेना, जिला मीडिया प्रभारी आर्थिक प्रकोष्ठ विजय पटेल,निज सचिव नरेंद्र बोरे,अध्यक्ष गंगाजल महिला स्व सहायता समूह सुमित्रा बारमते,पुष्प पटेल,सुनीता लोहा, जयकृष्ण चौहान,मंच संचालक साहनी दास,सुकुल दास पटेल,ग्राम जमड़ी के वरिष्ठ नागरिक,गंगाजल महिला स्व-सहायता समूह की पदाधिकारी व सदस्य, क्षेत्र के प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने बापू के आदर्शों को आत्मसात करने और स्वच्छता के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।











