देवभोग दुग्ध महासंघ और पार्लर संघ की तनातनी में नया मोड़

91
images 35
images 35

अध्यक्ष के साथ बैठक के बाद होगा अगली रणनीति पर फैसला

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ और देवभोग दुग्ध पार्लर संघ के बीच चल रही तनातनी में नया मोड़ आ गया है। अब दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष के साथ दुग्ध पार्लर संघ की बैठक के बाद 23 मई को आगामी रणनीति पर फैसला लिया जायेगा। पार्लर संघ ने दुग्ध महासंघ के खिलाफ देवभोग उत्पादों के बहिष्कार तथा तालाबंदी का ऐलान किया था। जिसके बाद दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष ने पार्लर संघ को चर्चा के लिए आमंत्रित किया है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश देवभोग पार्लर संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिव दत्ता (राकेश) ने बताया कि दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष (प्राधिकृत अधिकारी) विपिन साहू ने दुग्ध पार्लर संघ की मांगों पर चर्चा करने के लिए पार्लर संघ के प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया है। पार्लर संघ ने दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष की पहल पर चर्चा के लिए सहमति व्यक्त करते हुए निर्णय लिया है कि 23 मई को दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष के साथ बैठक के बाद अगली रणनीति पर विचार किया जायेगा।

गौरतलब है कि देवभोग पार्लर संघ ने एक पार्लर संचालक जितेंद्र देवांगन द्वारा सपरिवार आत्महत्या किये जाने के मामले में दुग्ध महासंघ के अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मुआवजे तथा जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पार्लर संघ ने अपनी मांगों के समर्थन में देवभोग उत्पादों के बहिष्कार तथा तालाबंदी की घोषणा की है। इसके बाद दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष ने पार्लर संघ के अध्यक्ष से दूरभाष पर चर्चा करते हुए समाधान निकालने पार्लर संघ को चर्चा के लिए आमंत्रित किया है।
पार्लर संघ के अध्यक्ष शिव दत्ता (राकेश) ने कहा है कि पार्लर संघ की जायज मांगों को पूर्ण कराना ही हमारा लक्ष्य है। दुग्ध महासंघ न्याय करता है तो गतिरोध दूर हो सकता है।

विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा ने केन्द्रीय जेल को भेट किए वाटरकूलर