प्लेन क्रैश अपडेट : विमान में पूर्व CM, 169 भारतीय नागरिक सहित 61 यात्री विदेशी नागरिक थे, पढ़ें पूरी खबर

प्लेन क्रैश अपडेट : अहमदाबाद विमान हादसा: लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त

प्लेन क्रैश अपडेट : अहमदाबाद। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार को दोपहर एक ऐसा भयावह हादसा हुआ, जिसने न केवल पूरे शहर को बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो अहमदाबाद से ब्रिटेन के लंदन स्थित गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद मेघानी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं का विशाल गुबार फैल गया, जो शहर के कई हिस्सों से देखा जा सकता था।

ये भी पढ़ें – बिग ब्रेकिंग : अहमदाबाद में विमान हादसा, आसमान में छाया धुएं का गुबार

इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें दो पायलट, 10 केबिन क्रू और 230 यात्री शामिल थे। यात्रियों में 169 भारतीय नागरिक थे, जबकि बाकी 61 यात्री विदेशी नागरिक थे। इनमें ब्रिटेन के 53, पुर्तगाल के 7 और कनाडा का एक नागरिक शामिल था। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है। सूत्रों के अणु 100 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक मृतकों और घायलों की सही संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान ने दोपहर करीब 1:38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और कुछ ही मिनटों बाद वह अचानक नीचे गिरने लगा। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को ‘मेडे’ यानी आपातकालीन स्थिति का संदेश भेजा था, जिसके बाद संपर्क टूट गया। माना जा रहा है कि विमान में तकनीकी खराबी आई थी, लेकिन इसके सही कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। विमान के मलबे से घिरे इलाके को सील कर दिया गया है और दमकल की दर्जनों गाड़ियां, एम्बुलेंस और बचावकर्मी मौके पर राहत कार्य में जुटे हुए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी सवार थे, हालांकि उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन बल (NDRF), पुलिस और अन्य एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में लग गई हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और स्थानीय नागरिकों से घटनास्थल के पास न आने की अपील की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात कर हादसे की गंभीरता को समझा। प्रधानमंत्री ने मंत्री को तत्काल राहत और बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और कहा कि पीड़ितों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए। राममोहन नायडू ने बताया कि वे खुद अहमदाबाद जा रहे हैं और वहां राहत कार्यों की निगरानी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

गृह मंत्री अमित शाह भी हादसे की जानकारी मिलने के तुरंत बाद दिल्ली से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है और इस संकट की घड़ी में केंद्र सरकार पूरी तरह से राज्य प्रशासन के साथ खड़ी है। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।

एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने एक आधिकारिक बयान में घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह एयर इंडिया के इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि हमारा पूरा ध्यान इस समय पीड़ितों और उनके परिवारों की सहायता पर है। एयर इंडिया ने प्रभावितों और उनके परिवारों की मदद के लिए एक आपातकालीन सहायता केंद्र स्थापित किया है और हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया गया है। साथ ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी दिल्ली में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है जो राहत कार्यों का समन्वय कर रहा है।

हादसे की खबर विदेशों तक भी पहुंच गई है। यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने ट्वीट कर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि इस विमान में कई ब्रिटिश नागरिक सवार थे और अहमदाबाद में हुए इस हादसे के दृश्य विनाशकारी हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं और इस अत्यंत दुखद समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

Advertisement

Related Articles