यंग इंडियंस (Yi) बिलासपुर का भव्य शुभारंभ; रवि अग्रवाल बने चेयर एवं अंकित अग्रवाल को-चेयर




बिलासपुर। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के अभिन्न अंग यंग इंडियंस (Yi) के बिलासपुर चैप्टर का आज कोर्टयार्ड बाय मैरियट, बिलासपुर में भव्य एवं गरिमामय समारोह के साथ आधिकारिक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शहर के युवा उद्यमियों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, चिकित्सकों एवं विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम में श्री संजय अग्रवाल, IAS, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, बिलासपुर तथा श्री रजनेश सिंह, IPS, पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने युवा नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।

समारोह में श्री अरुण राठौड़, नेशनल चेयरमैन, यंग इंडियंस (Yi); श्री देव ज्योति, रीजनल डायरेक्टर, CII ईस्टर्न रीजन; तथा श्री आनंद सिंघानिया, वाइस चेयरमैन, CII छत्तीसगढ़ स्टेट काउंसिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में बिलासपुर चैप्टर को यंग इंडियंस के राष्ट्रीय नेटवर्क में औपचारिक रूप से शामिल किया गया।
रवि अग्रवाल बने चेयर, अंकित अग्रवाल को-चेयर
Yi बिलासपुर के शुभारंभ के साथ श्री रवि अग्रवाल ने चैप्टर के चेयर तथा श्री अंकित अग्रवाल ने को-चेयर के रूप में दायित्व संभाला। दोनों के नेतृत्व में Yi बिलासपुर शहर के युवा उद्यमियों एवं पेशेवरों को एक सशक्त मंच प्रदान करते हुए विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर कार्य करेगा।
Yi बिलासपुर की सदस्य टीम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले युवा उद्यमी एवं पेशेवर शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से श्री शिखर अग्रवाल, श्री आकाश अग्रवाल, सीए कुशल अग्रवाल एवं डॉ. गुरविंदर सिंह सहित शहर के अनेक प्रतिष्ठित युवा उद्यमी, व्यवसायी एवं प्रोफेशनल्स शामिल हैं।
कार्यक्रम में बिलासपुर के प्रमुख उद्योगपतियों, उद्यमियों, व्यवसायियों, चिकित्सकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं अन्य प्रोफेशनल्स की उपस्थिति रही। शहर के युवा वर्ग में Yi को लेकर दिखे उत्साह ने यह स्पष्ट किया कि बिलासपुर में युवा नेतृत्व को संगठित करने और उन्हें सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने के लिए एक मजबूत मंच की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि देश के युवा केवल भविष्य के नेतृत्वकर्ता ही नहीं, बल्कि वर्तमान में भी सकारात्मक बदलाव के महत्वपूर्ण वाहक हैं। युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, उद्यमशीलता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को सही मंच मिलने पर समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
यंग इंडियंस (Yi), भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) का अभिन्न हिस्सा है, जो मुख्य रूप से युवा नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण एवं वैचारिक नेतृत्व के क्षेत्रों में कार्य करता है। Yi युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, नए विचारों को आगे बढ़ाने, देशभर के युवा उद्यमियों एवं पेशेवरों से जुड़ने तथा समाज के लिए प्रभावी पहल करने का अवसर प्रदान करता है।
नवगठित Yi बिलासपुर चैप्टर द्वारा आने वाले समय में नेतृत्व एवं उद्यमिता, युवा सहभागिता, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य, जलवायु एवं पर्यावरण, शिक्षा, सुगम्यता तथा विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम एवं अभियान संचालित किए जाएंगे। इसके साथ ही सदस्यों के लिए सीखने, नेटवर्किंग, विचारों के आदान-प्रदान और राष्ट्रीय स्तर पर Yi के विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़ने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
Yi बिलासपुर का उद्देश्य शहर की युवा शक्ति को एक साझा मंच पर लाकर उनके विचारों, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को बिलासपुर और समाज के समग्र विकास की दिशा में उपयोग करना है।
इसी संकल्प के साथ यंग इंडियंस बिलासपुर ने आज अपनी नई यात्रा की शुरुआत Yi के प्रेरक विश्वास के साथ की—
“हम कर सकते हैं, हम करेंगे।”
“We Can, We Will.”









