छत्तीसगढ़ सहित 19 राज्यों में भूजल विवाद निपटान योजना लागू, उद्योगों को जुर्माने में 75% तक की बड़ी राहत



रायपुर/नई दिल्ली। केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ सहित देश के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भूजल निकासी से जुड़े लंबित विवादों को सुलझाने और उद्योगों को बड़ी राहत देने के लिए ‘भूजल प्रभार (विवाद समाधान) योजना, 2026’ लागू कर दी है। केंद्रीय भूमि जल प्राधिकरण (CGWA) द्वारा राजपत्र में अधिसूचित यह एकबारगी और स्वैच्छिक योजना एक वर्ष की अवधि के लिए प्रभावी रहेगी। इस निर्णय से प्रदेश के उन औद्योगिक, खनन और अवसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) संस्थानों को सीधा लाभ मिलेगा, जो भारी पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (EC) के कारण नियामक ढांचे में शामिल होने से हिचक रहे थे या लंबे कानूनी मुकदमों में उलझे हुए थे।
नई योजना के तहत सरकार ने परियोजना प्रस्तावकों को पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति (जुर्माने) की राशि में 30 प्रतिशत से लेकर 75 प्रतिशत तक की भारी छूट देने का प्रावधान किया है। इसके अंतर्गत बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के संचालित हो रही मौजूदा परियोजनाओं को 30 से 60 प्रतिशत तक, एनओसी के नवीनीकरण में देरी करने वालों को 40 से 70 प्रतिशत तक और तय सीमा से अधिक भूजल निकालने वाली इकाइयों को 45 से 75 प्रतिशत तक की रियायत दी जाएगी। छूट का यह प्रतिशत संबंधित क्षेत्र की भूजल स्थिति (सुरक्षित, अर्ध-गंभीर, गंभीर या अति-दोहित) और इकाई की दैनिक जल खपत के आधार पर तय किया गया है।
इस पहल का उद्योगों के साथ-साथ आम जनता और पर्यावरण पर भी व्यापक सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। जहां एक ओर भारी जुर्माने से राहत मिलने पर उद्योगों का वित्तीय बोझ कम होगा और वे बिना किसी कानूनी बाधा के सुचारू रूप से काम कर सकेंगे, वहीं दूसरी ओर अधिक से अधिक इकाइयों के सरकारी निगरानी के दायरे में आने से भूजल के अवैध और अनियंत्रित दोहन पर प्रभावी अंकुश लगेगा। मंत्रालय का मानना है कि इससे भूजल स्तर में सुधार होगा और उद्योगों में भूजल के बजाय सतही तथा पुनर्चक्रित जल के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे आम नागरिकों और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
योजना का लाभ उठाने के इच्छुक आवेदकों को ‘भू-नीर ऐप पोर्टल’ पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। प्राधिकरण द्वारा देय राशि की सूचना मिलने के 60 दिनों के भीतर एकमुश्त भुगतान करना आवश्यक होगा। जिन परियोजनाओं के मामले किसी न्यायालय या अधिकरण में लंबित हैं, वे स्टाम्प पेपर पर मुकदमा वापस लेने का वचनबंध देकर इस योजना में शामिल हो सकते हैं, हालांकि जिन मामलों पर अदालतों या एनजीटी द्वारा अंतिम फैसला सुनाया जा चुका है, उन्हें इससे बाहर रखा गया है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह राहत केवल एक बार के लिए है और योजना की समाप्ति के बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बोरवेल सील करने तथा पूरा जुर्माना वसूलने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।












