प्रदेश पंचायत सचिव संघ के प्रदेश संयोजक क्रांति कुमार साहू हुए सेवानिवृत्त, भव्य विदाई व सम्मान समारोह आयोजित



बलौदाबाजार/लवण। प्रदेश पंचायत सचिव संघ के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश सचिव रहे क्रांति कुमार साहू के 62 वर्ष की आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर जनपद पंचायत सभाकक्ष में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में श्री साहू को ₹50,000 नगद, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके लंबे, निष्कलंक और जनहितकारी सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक, प्रशासनिक और संगठनात्मक क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया है।
प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन कुमार साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलेचना यदु, जिला पंचायत सदस्य अंजलि साहू, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुमन योगेश वर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने श्री साहू के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
संगठन की परंपरा का निर्वहन
प्रदेश पंचायत सचिव संघ के जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों ने बताया कि संघ की परंपरा के अनुरूप सेवानिवृत्त पंचायत सचिवों का सम्मान किया जाता है। इसी कड़ी में क्रांति कुमार साहू का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सचिवगण और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सेवा काल रहा प्रेरणादायी
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि श्री साहू का सेवाकाल सदैव समर्पण, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक रहा है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, संगठन के लिए कई बार जेल गए और पंचायत व्यवस्था को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के अंत में सभी ने भावभीनी विदाई देते हुए उनके अनुभवों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया। अंतिम उद्बोधन में प्रदेश सचिव संघ के संयोजक क्रांति कुमार साहू ने संगठन के संघर्ष, अनुभव को साझा किया और जीवन परिवर्तन रिटायर होने के बाद भी संघ को सहयोग करने और समाज देसी में काम करने का आश्वासन दिया।









