खाद्य टीम ने पेय पदार्थों की गुणवत्ता जांचीः बलौदाबाजार में कई सेंटरों से नमूने लिए गए, अब रिपोर्ट का इंतजार




लखन हरवानी : बलौदाबाजार। बलौदाबाजार में खाद्य औषधि प्रशासन की टीम ने गर्मी के मौसम में पेय पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए एक अभियान चलाया। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें कई सेंटरों से नमूने एकत्र किए गए। निरीक्षण के दौरान नया बस स्टैंड स्थित जेटीसी गार्डन जूस सेंटर का खाद्य लाइसेंस एक्सपायर्ड पाया गया। टीम ने मौके से मौसंबी और संतरे के जूस के नमूने जांच के लिए लिए।
इसके अलावा संडी स्थित आरू कोल्ड ड्रिंक एजेंसी से कोल्ड ड्रिंक का नमूना लिया गया। गांधी चौक, बलौदाबाजार में बालाजी अनाज भंडार पर बिना बैच नंबर और पोषण सूचना वाले चाऊमिन का भंडारण पाया गया। चाऊमिन का नमूना भी जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











