LIVE UPDATE

रायपुर में पूर्व विधायक के बेटे ने किया आत्महत्या

रायपुर | राजधानी रायपुर के पॉश इलाके मोवा स्थित आदर्श नगर में रविवार की देर रात एक खुदकुशी का मामला सामने आया है। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और कसडोल के पूर्व विधायक धनीराम साहू के 45 वर्षीय पुत्र जय साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात जय साहू ने खुद को अपने कमरे में बंद कर लिया था। काफी देर तक कोई हलचल न होने और दरवाजा न खोलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद तत्काल पंडरी पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो जय का शव रस्सी के फंदे से लटकता हुआ मिला।

शुरुआती जांच और परिजनों से हुई पूछताछ में यह बात सामने आई है कि जय साहू पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव और पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि हाल ही में उनका अपनी पत्नी किरण साहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कयास लगाए जा रहा है कि, इसी घरेलू कलह और मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।

जय साहू के पिता धनीराम साहू क्षेत्र के कद्दावर नेता रहे हैं। वे वर्ष 1977 में कसडोल विधानसभा से विधायक चुने गए थे और मध्यप्रदेश शासन में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनके पुत्र के असामयिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

पंडरी पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मर्ग कायम कर करीबियों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा।

Related Articles