4 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे विमल अजय और व्यापारियों संघ ने भी खोला मोर्चा



चंदन जायसवाल
कसडोल। नगर पंचायत द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में कसडोल नगर पंचायत कार्यालय के सामने विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। समाजसेवी विमल अजय अपनी 4 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। वहीं नगर के व्यापारी संघ और प्रभावित व्यवसायी भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर धरने पर डटे हुए हैं।




धरना स्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा की जा रही कार्रवाई से छोटे व्यापारियों, ठेला संचालकों और गरीब परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि प्रशासन पहले सभी पक्षों से चर्चा करे और उचित पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करे, उसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जाए।
भूख हड़ताल पर बैठे विमल अजय ने कहा कि उनकी 4 सूत्रीय मांगें जनहित से जुड़ी हुई हैं और जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने की अपील की।
वहीं व्यापारियों का कहना है कि वे विकास और व्यवस्था के विरोधी नहीं हैं, लेकिन बिना वैकल्पिक व्यवस्था के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा।
धरना-प्रदर्शन को देखते हुए नगर पंचायत कार्यालय के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही। अब सभी की निगाहें प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच होने वाली संभावित बातचीत पर टिकी हुई हैं।









