पार्षद बेदराम साहू के नेतृत्व में 25 जुलाई को होगा भवानी मोल्डर्स घेराव




रायपुर। बिरगांव के भवानी मोल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड, उरला के पूर्व सुपरवाइजर राजकुमार साहू को कथित रूप से बिना पूर्व सूचना के नौकरी से निकाले जाने और बकाया भुगतान नहीं किए जाने के विरोध में 25 जुलाई 2026 को कंपनी का घेराव और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
पार्षद बेदराम साहू ने बताया कि, राजकुमार साहू वर्ष 2018 से भवानी मोल्डर्स में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि 17 जनवरी 2026 को कंपनी प्रबंधन ने उन्हें बिना पूर्व सूचना के कार्य से हटा दिया। इसके बाद उन्होंने कई बार अपने बकाया भुगतान और सेवा संबंधी हिसाब की मांग की, लेकिन कंपनी प्रबंधन द्वारा लगातार टालमटोल की जाती रही।
बेदराम साहू ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने स्वयं कंपनी प्रबंधन से संपर्क कर आवेदन सौंपने और मजदूर का बकाया भुगतान कराने का प्रयास किया, लेकिन कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों ने आवेदन लेने से भी इनकार कर दिया। बाद में आवेदन कंपनी के मुख्य द्वार पर चस्पा कर इसकी सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
बताया गया है कि, श्रम कानूनों के अनुसार राजकुमार साहू को लगभग 3 लाख 90 हजार 385 रुपये का भुगतान मिलना चाहिए, जिसमें ग्रेच्युटी, छंटनी मुआवजा, नोटिस अवधि का भुगतान और पिछले छह माह का वेतन शामिल है।
बेदराम साहू ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन की असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना कार्यप्रणाली के कारण मजदूर को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय तक भुगतान नहीं किया गया तो 25 जुलाई को मजदूर परिवारों और स्थानीय नागरिकों के साथ भवानी मोल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड, उरला का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी प्रकार की क्षति या अव्यवस्था की जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।









