रायपुर ब्रेकिंग : WRS कॉलोनी में युवक की हत्या, खुले मैदान में मिला खून से लथपथ शव


रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक अज्ञात युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुले मैदान में युवक का खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने WRS कॉलोनी के एक मैदान में युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची खमतराई थाना पुलिस ने पाया कि युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। घटनास्थल पर फैले खून और परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या सिर पर भारी पत्थर से वार कर की गई है।




पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हालांकि उसके दाहिने हाथ पर ‘RK सारथी’ नाम का गुदना (टैटू) मिला है, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। विशेषज्ञ टीमों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
फिलहाल खमतराई थाना पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान और जांच के बाद ही हत्या के कारणों तथा आरोपियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।









