?> छत्तीसगढ़ : स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 गिरफ्तार – chhattisgarhprimetime

छत्तीसगढ़ : स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 गिरफ्तार

दुर्ग। जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर स्मृतिनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर में दबिश दी। पुलिस ने मौके से मैनेजर और महिला दलाल सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर मैनेजर तनय सोनी द्वारा ग्राहकों से पैसे लेकर महिलाओं को उपलब्ध कराने तथा महिला दलाल हेमा सिंह उर्फ प्रीत के माध्यम से महिलाओं को बुलाए जाने की जानकारी सामने आई। मौके पर ग्राहक और अन्य संबंधित लोग भी पाए गए।

4 लाख के 19 मोबाइल जब्त

रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत के 19 मोबाइल फोन जब्त किए। इसके अलावा ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपये नकद, देह व्यापार के लिए आने वाले व्यक्तियों से संबंधित जानकारी, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

इस तरह संचालित किया जा रहा था कथित कारोबार

पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों से पैसे लिए जाते थे। महिला दलाल के माध्यम से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क कराया जाता था और स्पा सेंटर का मैनेजर इस पूरी गतिविधि का संचालन करता था। पुलिस ने मामले में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की है।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रूपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पाण्डेय (24) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी स्पा सेंटर, होटल या अन्य संस्थान में अवैधानिक गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles