विकास निधि पर उठे सवाल: शैलेश नितिन त्रिवेदी ने लगाया भेदभाव का आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग




बलौदाबाजार। नगर के विकास कार्यों और निधि आवंटन को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। पूर्व पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को लेकर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।त्रिवेदी ने अपने आवेदन में वार्ड क्रमांक 1, 4, 11, 15, 17 एवं 20 में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की तत्काल समीक्षा एवं सर्वे कराने की मांग रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ वार्डों में राजनीतिक कारणों से विकास कार्यों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी जा रही है, जिससे आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर के सभी वार्डों में अब तक स्वीकृत विकास कार्यों, जारी राशि और खर्च की गई विकास निधि का वार्डवार विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही जरूरतमंद वार्डों में कम से कम 20 लाख रुपए के विकास कार्य स्वीकृत करने की मांग भी रखी गई है।शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का राजनीतिक, सामाजिक या जातिगत भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, “विकास किसी राजनीतिक दल की कृपा नहीं, बल्कि जनता का अधिकार है। हर वार्ड को समान रूप से विकास का अवसर मिलना चाहिए।”उन्होंने कलेक्टर से पारदर्शी व्यवस्था अपनाते हुए सभी वार्डों में समान विकास नीति लागू करने और निधि आवंटन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।











