विश्वास, संवेदना और जिम्मेदारी के संकल्प के साथ शुरू होगा प्रथमेश हॉस्पिटल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ, 125 बिस्तरों वाले अस्पताल में मिलेंगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं





रायपुर। राजधानी रायपुर के देवपुरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक नई पहल होने जा रही है। यहां स्थापित प्रथमेश हॉस्पिटल का शुभारंभ 11 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के करकमलों से होगा। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
प्रथमेश हॉस्पिटल की स्थापना मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मानव सेवा, संवेदना और सामाजिक कल्याण के उद्देश्य से की गई है। कॉर्पोरेट अस्पतालों से अलग यह संस्थान डॉक्टरों द्वारा स्थापित और संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य चिकित्सकों और मरीजों के बीच विश्वास के रिश्ते को मजबूत करना तथा चिकित्सा सेवा को मानवीय संवेदनाओं और जिम्मेदारी के मूल्यों से जोड़ना है।

125 बिस्तरों की क्षमता, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस
प्रथमेश हॉस्पिटल एक एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में स्थापित है। एक लाख वर्गफीट से अधिक के वातानुकूलित भवन में संचालित होने वाले इस अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चिकित्सा सुविधाएं विकसित की गई हैं। अस्पताल की कुल क्षमता 125 बिस्तरों की है। यहां 50 से अधिक बिस्तरों वाला मॉड्यूलर आईसीयू और पांच मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
अस्पताल में न्यूरोसाइंसेस, कार्डियक साइंसेस, महिला एवं शिशु स्वास्थ्य, ट्रामा एवं इमरजेंसी तथा फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही कार्डियक यूनिट, रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
कई प्रमुख चिकित्सा विभागों की मिलेगी सुविधा
अस्पताल में न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, प्लास्टिक एवं कॉस्मेटिक सर्जरी, पीडियाट्रिक्स, नियोनेटोलॉजी और क्रिटिकल केयर सहित कई प्रमुख चिकित्सा विभाग स्थापित किए गए हैं। मरीजों की जांच के लिए एक्स-रे, सोनोग्राफी, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
चिकित्सा सेवा को मानवीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास
प्रथमेश हॉस्पिटल की परिकल्पना चिकित्सा क्षेत्र में सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से की गई है। डॉक्टरों द्वारा स्थापित और संचालित यह संस्थान मरीजों को आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सक और मरीज के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में काम करेगा। अस्पताल का शुभारंभ रायपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।











