पिथौरा में गरिमामय माहौल में मनी अग्रसेन जयंती: विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने की पूजा-अर्चना, समाजवाद व जनकल्याण के आदर्शों पर चलने का दिया संदेश

बसना/पिथौरा। बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत पिथौरा स्थित स्थानीय अग्रसेन भवन में कुलपिता महाराजा अग्रसेन जी की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और गरिमामय वातावरण के बीच मनाई गई। इस पावन अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम स्थल पहुँचने पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, युवाओं एवं मातृशक्ति द्वारा विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल का पुष्पगुच्छ, शॉल व प्रतीक चिह्न भेंट कर आत्मीय और भव्य स्वागत किया गया। इसके उपरांत विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा समस्त विधानसभा क्षेत्रवासियों की सुख, शांति, खुशहाली और निरंतर समृद्धि की मंगलकामना की।

विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन जी की पौराणिक व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल एक समाज विशेष के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक और समरसता के सबसे बड़े प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी मर्यादा और अहिंसा के महान संवाहक महाराजा अग्रसेन जी ने द्वापर युग के अवसान और कलियुग के आरंभ काल में जिस आदर्श शासन व्यवस्था की नींव रखी थी, वह आज के आधुनिक लोकतंत्र के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने राज्य अग्रोहा में ‘एक ईंट और एक रुपया’ की अनूठी परंपरा स्थापित की थी, ताकि कोई भी नवागंतुक या निर्धन व्यक्ति स्वयं को असहाय न समझे। उनका यह सिद्धांत समाजवाद, सह-अस्तित्व और सर्वजन हिताय का विश्व में पहला व्यावहारिक उदाहरण है। आज हमें उनके त्याग, दया, अहिंसा और व्यापारिक शुचिता के सिद्धांतों को अपने दैनिक आचरण में उतारने की आवश्यकता है।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि अग्रवाल समाज ने राष्ट्र निर्माण, व्यापार, जनकल्याण, धार्मिक अनुष्ठानों और आपदा के समय हमेशा आगे आकर समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने समाजजनों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए वे सदैव तत्पर हैं।

मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कहा कि अग्रसेन जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सहायता और संबल पहुँचाने का वार्षिक संकल्प दिवस है। हमारा प्रयास है कि महाराजा अग्रसेन के दिखाए मार्ग पर चलते हुए बसना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग, किसान, व्यापारी और युवा को सशक्त बनाया जाए। किसी भी क्षेत्र की प्रगति तभी संभव है जब समाज में परस्पर प्रेम, समरसता और सेवा का भाव अक्षुण्ण रहे। हमारी सरकार और हम निरंतर जनसेवा तथा समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से समर्पित हैं।

कार्यक्रम में अध्यक्ष वेदप्रकाश गोयल,सचिव बजरंग अग्रवाल, सत्यनारायण अग्रवाल,नरेश सिंघल,अनूप अग्रवाल,सौरभ अग्रवाल,नितिन जिंदल,संदीप अग्रवाल,सुयश अग्रवाल,साकेत सिंघल,शेखर अग्रवाल,राजेश अग्रवाल जीतू,महिला मंडल अध्यक्ष प्रीति सुनील अग्रवाल,किरण अग्रवाल,अंजू अग्रवाल,सरला बंसल,ऊषा अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व नगरवासी उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन भक्तिमय, उल्लासपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Advertisement

Related Articles