पीआई इंडस्ट्रीज ने लॉन्च किया भारत में खोजा गया पहला स्वदेशी कीटनाशक मॉलिक्यूल ‘पियोक्साज़ोन, धान-मक्का और चने की फसलों को मिलेगी कीटों से सुरक्षा



रायपुर। भारतीय कृषि क्षेत्र में स्वदेशी वैज्ञानिक नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। पीआई इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने भारत में स्वदेशी रूप से खोजे गए पहले कीटनाशक मॉलिक्यूल पियोक्सानिलिप्रोल पर आधारित नया फसल सुरक्षा उत्पाद ‘पियोक्साज़ोन®’ (पियोक्सानिलिप्रोल 20% एससी) लॉन्च किया है। यह उत्पाद धान, मक्का और चने की फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले प्रमुख कीटों के नियंत्रण के लिए विकसित किया गया है।
कंपनी के अनुसार, पियोक्साज़ोन® को लगभग एक दशक के स्वदेशी वैज्ञानिक अनुसंधान और विकास के बाद तैयार किया गया है। यह भारतीय कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है और देश के विभिन्न कृषि क्षेत्रों में मल्टीलोकेशन फील्ड ट्रायल्स के माध्यम से इसका मूल्यांकन किया गया है। उत्पाद को केंद्रीय कीटनाशक बोर्ड एवं पंजीकरण समिति (CIB&RC) से धान, मक्का और चने की फसलों में संबंधित कीटों के नियंत्रण के लिए पंजीकरण प्राप्त है।
कंपनी के मुताबिक, यह उत्पाद धान में येलो स्टेम बोरर, मक्का में फॉल आर्मीवर्म और चने में पॉड बोरर जैसे प्रमुख कीटों के नियंत्रण में उपयोगी होगा। इन कीटों के कारण किसानों को फसल उत्पादन और आर्थिक नुकसान की चुनौती का सामना करना पड़ता है। छत्तीसगढ़ जैसे कृषि प्रधान राज्य में धान, मक्का और दलहन की खेती करने वाले किसानों के लिए यह नया फसल सुरक्षा समाधान महत्वपूर्ण हो सकता है।
पीआई इंडस्ट्रीज के अनुसार, पियोक्साज़ोन® की प्रमुख विशेषताओं में छिड़काव के 30 मिनट के भीतर अवशोषण, बेहतर प्रभावशीलता और लंबे समय तक कीट नियंत्रण शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि इसकी विशेष आणविक संरचना और ट्रांसलैमिनर क्रिया पौधों में इसके प्रभावी प्रसार में मदद करती है। इसके अलावा, उत्पाद को शिकारी मकड़ियों, शिकारी भृंगों, लेडीबर्ड बीटल, डैमसेलफ्लाइज और ग्रीन लेसविंग्स जैसे लाभकारी कीटों के अनुकूल प्रोफाइल के साथ विकसित किया गया है। इससे एकीकृत कीट प्रबंधन (IPM) को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस लॉन्च पर पीआई इंडस्ट्रीज लिमिटेड के वाइस चेयरपर्सन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मयंक सिंघल ने कहा कि पियोक्साज़ोन® कंपनी की नवाचार यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पियोक्सानिलिप्रोल के माध्यम से कंपनी ने भारत में मौलिक वैज्ञानिक अनुसंधान से लेकर उत्पाद के विकास, पंजीकरण और व्यावसायीकरण तक की क्षमता प्रदर्शित की है। उनका कहना है कि यह भारतीय कृषि की विविध परिस्थितियों के अनुरूप विकसित समाधान को सीधे किसानों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं, पीआई एग्रीसाइंसेज के सीईओ (इंडिया ब्रांड्स) साकेत भटनागर ने कहा कि किसानों के लिए किसी भी फसल सुरक्षा उत्पाद की सफलता उसके खेत में मिलने वाले परिणामों से तय होती है। पियोक्साज़ोन® को तेज असर, लंबे समय तक नियंत्रण और बदलती मौसमी परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कंपनी अपने वितरक एवं खुदरा विक्रेता नेटवर्क के माध्यम से धान, मक्का और चना उत्पादक क्षेत्रों के किसानों तक इसे पहुंचाएगी। साथ ही उत्पाद के सही उपयोग को लेकर किसान प्रशिक्षण और खेतों में प्रदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कंपनी का मानना है कि पियोक्साज़ोन भारतीय कृषि अनुसंधान और स्वदेशी तकनीक की बढ़ती क्षमता का उदाहरण है। भारत में खोजे गए इस कीटनाशक मॉलिक्यूल का व्यावसायिक उत्पाद के रूप में लॉन्च होना देश के कृषि विज्ञान और फसल सुरक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












