NSUI ने फूंका संगठन विस्तार का बिगुल, जिला स्तरीय बैठक में बनी आगामी रणनीति; ‘छात्रों की गूंज’ सदस्यता अभियान का पोस्टर विमोचिन

बलौदाबाजार। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला बलौदाबाजार-भाटापारा की जिला स्तरीय बैठक 17 नवंबर 2026, मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, बलौदाबाजार में जिला अध्यक्ष विवेक यदु के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों एवं संगठन की अलग-अलग इकाइयों से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना, महाविद्यालयों में संगठन की सक्रियता तथा छात्रहित से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक का विशेष आकर्षण NSUI के ‘छात्रों की गूंज – छात्र सदस्यता अभियान’ के पोस्टर का विमोचन रहा। इस अभियान के माध्यम से जिले के अधिकाधिक विद्यार्थियों को NSUI से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और अधिकारों को संगठन की आवाज बनाने की पहल की जाएगी। अभियान का मूल संदेश ‘हर छात्र की आवाज़ – NSUI के साथ!’ रखा गया है। बेहतर शिक्षा व्यवस्था, सुरक्षित कैंपस, छात्रवृत्ति और युवा नेतृत्व का निर्माण इस अभियान के प्रमुख विषय होंगे।

बैठक में आगामी दिनों में जिले के महाविद्यालयों तक अभियान को पहुंचाने, विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने तथा कॉलेज स्तर पर छात्रहित से जुड़े मुद्दों की पहचान कर उन्हें संगठन के माध्यम से संबंधित प्रबंधन एवं प्रशासन के समक्ष उठाने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। साथ ही विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और नए छात्र नेतृत्व को आगे लाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में यह संकल्प भी व्यक्त किया गया कि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को केवल ज्ञापनों और औपचारिक चर्चाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उनकी आवाज बुलंद की जाएगी। NSUI का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक महाविद्यालय में विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक मजबूत संगठनात्मक मंच उपलब्ध हो।

जिला अध्यक्ष विवेक यदु ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सदस्यता अभियान को जनसंपर्क की व्यापक मुहिम बनाएं और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ें। उन्होंने छात्रहित के मुद्दों पर एकजुटता, सक्रियता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर बल दिया।

इस अवसर पर NSUI जिला अध्यक्ष विवेक यदु, साहिल यादव ,जिला उपाध्यक्ष ईश्वर साहू, विधानसभा अध्यक्ष बलौदाबाजार सूर्यकांत वर्मा,देवाशीष कुर्रे विधानसभा अध्यक्ष भाटापारा, विधानसभा अध्यक्ष कसडोल अनुराग साहू, जिला महासचिव गौतम गोल्डी साहू, डी.के. कॉलेज अध्यक्ष जय सिंह ठाकुर, शहर अध्यक्ष बलौदाबाजार राहुल नेगी एवं सहित चंद्रकांत पटेल, मिथिलेश खुंटे, कृष्ण कुमार, कैलश्वर साहू, सुमित बंजारे, मिथिलेश साहू, देवाशीष यादव, जीतू साहू, देवाशीष कुर्रे, उदय मार्कण्डेय, प्रियांशु घृतलहरे, सौरभ दास मानिकपुरी एवं भूपेंद्र पटेल सहित अन्य NSUI साथी उपस्थित रहे।

NSUI का संदेश स्पष्ट है—छात्रों के अधिकारों की लड़ाई, बेहतर शिक्षा की मांग और युवा नेतृत्व के निर्माण के लिए संगठन अब जिले के प्रत्येक कैंपस तक अपनी पहुंच मजबूत करेगा।

 

Advertisement

Related Articles