LIVE UPDATE

दिल्ली की मुख्यमंत्री से शौण्डिक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की सौहार्दपूर्ण भेंट, अंतर्राष्ट्रीय महासम्मेलन में आने का आमंत्रण स्वीकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय शौण्डिक संघ के राष्ट्रीय संयोजक शिवरतन प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में समाज का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार 28 अक्टूबर 2025 को दिल्ली मुख्यमंत्री आवास पहुँचा, जहाँ मुख्यमंत्री दिल्ली प्रदेश श्रीमती रेखा गुप्ता से सौजन्य मुलाकात की गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ एवं दिल्ली शौण्डिक समाज के हितों, एकता, सामाजिक प्रगति और आने वाले प्रमुख आयोजनों पर आत्मीय चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता को दीपावली एवं छठ पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, शाल एवं नंदी स्मृति चिह्न भेंट किया। मुलाकात के दौरान शौण्डिक समाज की परंपराओं, संस्कृति, रूढ़ियों और वर्तमान सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर भी विमर्श किया गया।

इस अवसर पर शिवरतन प्रसाद गुप्ता ने मुख्यमंत्री को आगामी 14 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली आईटीओ स्थित प्यारेलाल भवन में आयोजित होने वाले “अंतर्राष्ट्रीय सुड़ी शौण्डिक महासम्मेलन एवं सह सम्मान समारोह” के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने हेतु आमंत्रण पत्र सौंपा। समाज की ओर से यह बताया गया कि कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे और यह आयोजन शौण्डिक समाज की ऐतिहासिक एकता एवं गौरव का प्रतीक बनने जा रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों से शौण्डिक समाज के कुल 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जो समाज के राजनीतिक उभार की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत है।

मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने इस न्योते को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की अपनी सहमति प्रदान की। उन्होंने कहा कि शौण्डिक समाज ने हमेशा मेहनत, सेवा और व्यापार से देश की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, और ऐसे आयोजनों से समाज को एक नई दिशा एवं पहचान मिलती है।

भेंट के दौरान सामाजिक एकता व नई पीढ़ी को शिक्षा, व्यवसाय, स्वरोजगार और तकनीकी विकास से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने समाज को हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात में प्रमुख रूप से शिवरतन प्रसाद गुप्ता अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश शौण्डिक समाज एवं राष्ट्रीय संयोजक अखिल भारतीय शौण्डिक संघ, पंकज जैन दिल्ली भारतीय जनता पार्टी संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रभारी, रंजन प्रसाद (अधिवक्ता सुप्रीम कोर्ट) महासचिव दिल्ली सुडी समाज, वेद प्रकाश सम्पादक राष्ट्रीय सागर समाचार पत्र, अखिल भारतीय शौंडिक संघ के महामंत्री श्याम सुंदर प्रसाद, वीरेंद्र साहू वरिष्ठ उपाध्यक्ष झारखंड प्रदेश शौंडिक संघ एवं प्रवक्ता, हीरालाल प्रधान उपाध्यक्ष दिल्ली सूड़ी समाज , सुनील कुमार वरिष्ठ अधिवक्ता एवं उपाध्यक्ष दिल्ली सुड़ी समाज, अरुण पंजियार संगठन सचिव दिल्ली सूड़ी समाज, रामेश्वर कुमार वरिष्ठ समाजसेवी उपस्थित रहे।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles