CG News : कार में बने खुफिया चैंबर से 3 करोड़ रुपये कैश बरामद, दो हिरासत में

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन करोड़ रुपये की नकदी जब्त की है। यह रकम महाराष्ट्र पासिंग की एक कार में बने खुफिया चैंबर में छिपाकर ले जाई जा रही थी।
ये भी पढ़ें – Raipur Breaking : रायपुर के 6 आदतन बदमाश 5 जिलों से जिला बदर
पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालोद की कोतवाली थाना पुलिस पकड़ीभाट गांव के पास नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान महाराष्ट्र (MH) नंबर की एक कार को जांच के लिए रोका गया।
कार में सवार लोगों की गतिविधियों और बातचीत से पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने वाहन की गहन तलाशी लेने का फैसला किया। तलाशी के दौरान पुलिस को कार की सीट के नीचे एक विशेष रूप से बनाया गया खुफिया चैंबर (तहखाना) मिला। जब उस चैंबर को खोला गया, तो पुलिसकर्मी हैरान रह गए। चैंबर के अंदर नोटों के बंडल भरे हुए थे। गिनती करने पर कुल रकम तीन करोड़ रुपये पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार और उसमें रखी नकदी को जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।









