LIVE UPDATE

युवा नेता विमल अजय व खिलाड़ियों ने खेल मंत्री एवं कलेक्टर के नाम से अनुविभागीय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

कसडोल इंडोर–आउटडोर स्टेडियम को नगर पंचायत को हस्तांतरित करने की मांग तेज

कसडोल। चंदन जायसवालसंवाददाता : स्थानीय खेल प्रेमियों और नागरिकों ने कसडोल के इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम को नगर पंचायत को हैंडओवर करने की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कसडोल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह स्टेडियम पिछले 7–8 वर्षों से उपयोग और देखरेख के अभाव में जर्जर होता जा रहा है।

विमल अजय ने बताया कि स्टेडियम कसडोल क्षेत्र के खेल प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं, लेकिन वर्तमान में सुरक्षा, रखरखाव और प्रकाश व्यवस्था के अभाव में मैदान की स्थिति खराब है। स्टेडियम के पास स्थित छात्रावासों और महाविद्यालय के विद्यार्थियों सहित कसडोल नगर के युवाओं को अभ्यास के लिए उपयुक्त व्यवस्था नहीं मिल पा रही है।

ज्ञापन में बताया गया कि मैदान उबड़-खाबड़ है और समतलीकरण नहीं हुआ है।सफाई, सुरक्षा व पानी की व्यवस्था नहीं है।रात में प्रकाश (लाइटिंग) की कोई सुविधा नहीं है।वहा फैली अव्यवस्था के कारण शहर के मवेशी भी मैदान में घूमते रहते हैं, जिससे मैदान व निर्मित भवनों को नुकसान पहुँच रहा है।
इन परिस्थितियों के कारण खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने में भारी कठिनाई हो रही है और समस्या कई वर्षों से बनी हुई है।

युवा नेता विमल अजय एवं खिलाड़ियों ने मांग की कि स्टेडियम का निरीक्षण कर उसे नगर पंचायत को हस्तांतरित किया जाए, जिससे नगर पंचायत इसकी देखरेख, सुरक्षा और विकास का कार्य व्यवस्थित रूप से कर सके। इससे कसडोल के खिलाड़ियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पूर्ण सुविधाओं वाला खेल परिसर उपलब्ध हो सकेगा।

नगर के युवा नेता विमल अजय , बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष रमेश साहू , रोहित साहू, गिरजा शंकर साय , हरीशचंद्र जायवाल , व्यापारी एवं खिलाड़ी प्रशांत जायसवाल , छोटा चौहान,चंदन जायसवाल, राजकुमार साहू,यसवंत यादव स्टारलाईन स्पोर्ट्स क्लब के सभी खिलाड़ियों एवं नगर के प्रमुख नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षरित ज्ञापन का प्रतिलिपि खेल मंत्री, जिला कलेक्टर, जिला खेल विभाग तथा नगर पंचायत अध्यक्ष को भी भेजी गई है।
इस विषय पर नगर पंचायत के उप-अभियंता आशीष अग्रवाल से संपर्क किया गया जिन्होंने बताया कि कार्य अभी अपूर्ण होने के कारण स्टेडियम का हस्तांतरण नही हो पाया है जिसके लिए प्रयास किया जा रहा है जल्द ही इसका निराकरण हो जाएगा ।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles