LIVE UPDATE

CG Breaking : छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने किया सरेंडर, माँ का निधन

रायपुर। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने आज देवेंद्र नगर थाने में सरेंडर कर दिया। सरेंडर के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। थाने के बाहर मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया और उन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित अंदर ले गई।

इधर, अमित बघेल की मां का निधन हो गया है। उनका पार्थिव शरीर गृह ग्राम पथरी ले जाया गया है, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है। उम्मीद है कि बघेल कोर्ट में जमानत याचिका दायर कर अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मांगेंगे।

अमित बघेल आपत्तिजनक बयान के मामले में करीब दो महीने से फरार थे। इस दौरान राज्यभर में उनकी तलाश जारी रही। मां के निधन के बाद आज उन्होंने सरेंडर का फैसला लिया।

26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने बघेल की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए कड़ी टिप्पणी की थी। कोर्ट ने कहा था कि वे अपनी जुबान संभालें और FIR के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया का सामना करें। अदालत ने साफ किया था कि उन्हें किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी।

अमित बघेल पर देश के 12 राज्यों में मामले दर्ज हैं। सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पुलिस उन्हें जरूरत पड़ने पर राज्यों के बीच ले जा सकती है और अदालत इस प्रक्रिया में दखल नहीं देगी।

सरेंडर के बाद शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोर्ट परिसर और थानों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती है। रिमांड प्रक्रिया के लिए भी पूरी तैयारी कर ली गई है।

27 अक्टूबर को अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के ईष्ट देवता झूलेलाल पर बघेल के विवादित बयान के बाद विवाद बढ़ गया था। इससे ठीक एक दिन पहले रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ी गई थी, जिसके बाद क्रांति सेना ने हंगामा किया और पुलिस के साथ झड़प हुई। आरोपी को बाद में मानसिक रूप से अस्वस्थ और नशे में पाया गया।

इन घटनाओं ने प्रदेश में तनाव बढ़ाया था। आज हुए सरेंडर के बाद पुलिस हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है।

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles