रायपुर स्टेशन रोड पर गिरा 5 लाख का हीरों जड़ा ब्रेसलेट

रायपुर। राजधानी की गंज थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए रेलवे स्टेशन के पास गुम हुआ करीब 5 लाख रुपये की कीमत का सोने का रत्नजड़ित ब्रेसलेट बरामद कर लिया है। यह ब्रेसलेट एक ई-रिक्शा चालक को सड़क पर मिला था, जिसे पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से खोज निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार, स्टेशन रोड निवासी प्रीति लुणावत (60) ने 3 दिसंबर को थाना गंज के महिला हेल्प डेस्क में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उसी शाम उनकी ननद रश्मि जैन का 3 तोला वजनी सोने का ब्रेसलेट (जिसमें रत्न जड़े थे) रेलवे स्टेशन के पास कहीं गिर गया है। काफी तलाशने के बाद भी वह नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। महिला प्रधान आरक्षक दुर्गा बघेल चौधरी के नेतृत्व में आरक्षक सौरभ यादव, अशोक राठौड़ और दिनेश वर्मा ने रेलवे स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई।
कड़ी मशक्कत के बाद टीम को पता चला कि वह ब्रेसलेट एक ई-रिक्शा चालक को सड़क पर पड़ा मिला था। पुलिस ने उस चालक को ट्रैक किया और उससे पूछताछ की। चालक ने ब्रेसलेट मिलना स्वीकार किया और उसे पुलिस को सौंप दिया।
प्रक्रिया पूरी बेशकीमती ब्रेसलेट प्रार्थिया प्रीति लुणावत को वापस कर दिया। अपना खोया हुआ गहना पाकर परिवार ने गंज पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की जमकर तारीफ की।









