बलौदाबाजार : पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला करने वाले 6 फरार आरोपी गिरफ्तार, चाकू और रॉड से युवक को पहुंचाया था गंभीर चोट



लखन हरवानी : बलौदाबाजार। ग्राम खटियापाटी में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले छह फरार आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने प्रार्थी पर लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अजय ध्रुव निवासी ग्राम खटियापाटी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 7:30 बजे जब वह पंचायत भवन के सामने था, तभी आरोपी मोटरसाइकिल और स्कूटी पर सवार होकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने हत्या की नीयत से उस पर हमला बोल दिया और हाथ-मुक्के के साथ-साथ धारदार चाकू और लोहे की रॉड से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। कोतवाली पुलिस ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी आधार पर आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की और छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
पुलिस ने विकास जोशी (24 वर्ष), तेंदूका उर्फ लकी बंजारे (19 वर्ष), दीप कुर्रे (19 वर्ष), आर्यन उर्फ पार्मेंद्र बंजारे (19 वर्ष) सभी निवासी पुरानी बस्ती बलौदाबाजार, गोपी बघेल (23 वर्ष) निवासी ग्राम जुड़ा और राहुल चेलक (36 वर्ष) निवासी ग्राम घुलघुल को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।











