रायपुर में 50 हजार रुपये के विवाद में युवक की हत्या, 2 घंटे में आरोपी गिरफ्तार



रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रावतपुरा फेज-02 में शुक्रवार दोपहर रुपयों के लेनदेन को लेकर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कंस्ट्रक्शन कार्य के 50 हजार रुपये बकाया होने के विवाद में एक 18 वर्षीय युवक ने घर के बाहर ही युवक के पेट में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के महज 2 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अजय अग्रवाल (34 वर्ष), निवासी रावतपुरा फेज-02, ने अपने घर में कंस्ट्रक्शन का काम कराया था। यह काम चांगोरभाठा निवासी आरोपी डोमेश्वर देवांगन (18 वर्ष) ने किया था। काम पूरा होने के बाद डोमेश्वर अपने मेहनत के 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। अजय अग्रवाल उक्त राशि देने से इनकार कर रहे थे।
घर के बाहर किया इंतजार, फिर किया हमला
शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे डोमेश्वर एक बार फिर पैसे मांगने अजय के घर पहुँचा। जब अजय ने पैसे देने से मना कर दिया, तो डोमेश्वर गुस्से में घर के बाहर ही उसका इंतजार करने लगा। जैसे ही अजय अग्रवाल घर से बाहर निकले, डोमेश्वर ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उनके पेट पर जोरदार वार कर दिया। लहूलुहान हालत में अजय को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मरने से पहले बताया कातिल का नाम
वारदात के बाद घायल अजय ने अस्पताल ले जाते समय अपने परिजनों को बताया कि उन पर डोमेश्वर देवांगन ने हमला किया है। इसी सुराग के आधार पर डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल के निर्देश पर टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने महज 120 मिनट के भीतर आरोपी डोमेश्वर को उसके छिपने के ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूला जुर्म
हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी डोमेश्वर ने पुलिस के सामने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि पैसों की सख्त जरूरत और बार-बार मिन्नत करने के बाद भी भुगतान न मिलने के कारण वह आक्रोश में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में टिकरापारा थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल, डी.डी. नगर प्रभारी रवींद्र यादव और एसीसीयू की टीम का विशेष योगदान रहा।











