LIVE UPDATE

बंगाल और असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का जश्न, रायपुर में बसंत अग्रवाल ने समर्थकों संग मनाई खुशियां

रायपुर। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल सहित पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों और रुझानों ने भारतीय जनता पार्टी के खेमे में जबरदस्त उत्साह भर दिया है। विशेषकर पश्चिम बंगाल में भाजपा द्वारा बहुमत का जादुई आंकड़ा पार करने और असम में पुनः सरकार बनाने की बढ़त से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी जश्न का माहौल है। इस खास अवसर पर भाजपा के युवा नेता बसंत अग्रवाल ने अपने समर्थकों के साथ राजधानी के गुढ़ियारी क्षेत्र में भव्य विजय उत्सव मनाया।

मतगणना के रुझानों में जैसे ही पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने की तस्वीर साफ हुई, गुढ़ियारी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी शुरू कर दी। ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। जश्न के दौरान बसंत अग्रवाल ने समर्थकों और आम राहगीरों को मिठाइयां खिलाईं और पश्चिम बंगाल की पारंपरिक ‘झालमुड़ी’ बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।

इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा नेता बसंत अग्रवाल ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों और गृह मंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे और वर्तमान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पवन साय, नंदन जैन एवं शीर्ष नेतृत्व के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और लाखों कर्मठ कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत आज बंगाल में परिवर्तन की नई इबारत लिखी गई है।

अग्रवाल ने आगे कहा, यह जीत उन ताकतों को करारा जवाब है जो विकास की राह में बाधा बन रही थीं। बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प पर अपनी मुहर लगा दी है। असम में भी सुशासन की जीत हुई है, जिससे यह साफ है कि देश की जनता केवल और केवल राष्ट्रवाद और विकास के साथ है।

विजय उत्सव के दौरान हेमेंद्र साहू, आजाद गुज्जर, राजा साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, नागरिकजन उपस्थित रहे। जिन्होंने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी।

Related Articles