भाजपा विधायक ठगी का शिकार, बड़े नेता का PA बनकर ठगों ने ऐंठे 10 हजार



रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को शातिर ठगों ने अपना निशाना बनाया। आरोपी ने खुद को भाजपा के एक बड़े नेता का निजी सहायक (PA) बताकर डीजल भरवाने और आपात स्थिति का हवाला देते हुए पैसों की मांग की। भरोसे में आकर विधायक की ओर से जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए गए।
जानकारी के अनुसार, ठग ने फोन कर खुद को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया और कहा कि वह परिवार के साथ भुवनेश्वर जा रहा है। रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने और डीजल खत्म होने की बात कहकर तत्काल आर्थिक मदद मांगी गई। आरोपी ने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगाकर खुद को विश्वसनीय दिखाने की कोशिश भी की।
पहले 4500 रुपए की मांग की गई, लेकिन परेशानी की बात सुनकर विधायक की ओर से 10 हजार रुपए ट्रांसफर कराए गए। करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की, जिसके बाद विधायक को संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि बताए गए नाम का कोई व्यक्ति संबंधित नेता के कार्यालय में कार्यरत ही नहीं है।
मामले की जानकारी मिलते ही खम्हारडीह थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बिना सत्यापन पैसे ट्रांसफर न करें और सतर्क रहें।











