CG Accident : राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, महिला समेत चार की मौत, 8 वर्षीय बालक गंभीर




भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र में गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को इलाज के लिए रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई-3 निवासी 28 वर्षीय अमृत निर्मलकर स्कूटी से अपने परिजनों के साथ रायपुर के बसंत विहार स्थित मामा के घर जा रही थीं। स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर (क्रमांक CG 07 NA 0930) के पीछे स्कूटी जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), यासना (7) और डाली (4) के रूप में हुई है। वहीं, 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रायपुर रेफर किया गया।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया है तथा घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाना परिसर लाया गया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव से पूछताछ की जा रही है।
भिलाई-3 पुलिस ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।









