LIVE UPDATE

CG भीषण सड़क हादसा: कान्हा से लौट रहे बंगाल के 5 पर्यटकों की मौत, CM साय ने जताया गहरा शोक

कबीरधाम। जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अकलघरिया गांव के पास हुआ, जब पर्यटकों से भरी एक बोलेरो गाड़ी की सीधी टक्कर एक ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें –CG Crime : दोहरे हत्याकांड का खुलासा, पिता की हत्या करने वाले बेटे समेत दो गिरफ्तार, मुआवजा राशि के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में ड्राइवर समेत कुल 10 लोग सवार थे, जो पश्चिम बंगाल के कोलकाता के रहने वाले थे। ये सभी पर्यटक कान्हा नेशनल पार्क घूमकर वापस लौट रहे थे और उन्हें बिलासपुर से रात में ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे चिल्फी घाटी में उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।

एडिशनल एसपी पंकज कुमार पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं। उन्होंने कहा, “घायलों की हालत भी गंभीर बनी हुई है। सभी पीड़ित पर्यटक थे और कोलकाता के रहने वाले थे।”

घटना की सूचना मिलते ही चिल्फी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के बेहोश होने के कारण फिलहाल मृतकों की विस्तृत पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा:

“कवर्धा जिले के चिल्फी घाटी में हुए सड़क दुर्घटना की खबर अत्यंत दु:खद है। इस दुर्घटना में 3 महिला शिक्षिकाओं सहित कुल 5 लोगों के असमय निधन एवं कुछ के घायल होने से मन व्यथित है। घायलों के उपचार हेतु तत्काल उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देशित किया है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।”

vicky Silas

विक्की साइलस – संपादक, छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम विक्की साइलस पिछले 12 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक छत्तीसगढ़ के एक प्रमुख सांध्य दैनिक अखबार में पत्रकार के रूप में कार्य किया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम के संपादक हैं। वे सरल, तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनकी नेतृत्व में “छत्तीसगढ़ प्राइम टाइम” आम लोगों की आवाज़ को प्राथमिकता देने वाला भरोसेमंद डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है। संपर्क: vicky@chhattisgarhprimetime.com

Related Articles