भिलाई में 7 सितंबर को होगा छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज का सम्मान समारोह


रायपुर। छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज द्वारा एक दिवसीय यादव सम्मान समारोह का आयोजन आगामी 7 सितंबर 2025 को रिसाली मैदान, भिलाई में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
समाज के प्रदेश सचिव सुंदर लाल यादव ने बताया कि इस आयोजन में प्रदेश, जिले, तहसील, ब्लॉक, परिक्षेत्र, नगर एवं महानगर इकाई के सभी आजीवन सदस्य और पदाधिकारी शामिल होंगे।
कार्यक्रम की भव्यता बनाए रखने के लिए समाज ने विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया है। महिला पदाधिकारी एवं सदस्य पीली साड़ी में उपस्थित होंगी।
पुरुष वर्ग के पदाधिकारी एवं सदस्य सफेद कुर्ता/पैंट-शर्ट के साथ पीला जैकेट पहनकर आएंगे।
सभी को अपने परिचय पत्र साथ लाने की अपील की गई है। प्रदेश सचिव ने आगे बताया कि जिले, महानगर, तहसील, ब्लॉक और परिक्षेत्र के अध्यक्ष अपने-अपने पदाधिकारियों की उपस्थिति सूची तैयार कर उसे प्रदेश सचिव सुंदर लाल यादव एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष जी.आर. यादव के पास जमा करेंगे।
इस सम्मान समारोह को लेकर समाज के सदस्यों और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह आयोजन समाज की एकता और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करेगा।









