विधानसभा घेराव में उमड़ा जनसैलाब, प्रदेश कांग्रेस ने उठाई जनहित की बुलंद आवाज़, विमल साहू मुख्य रूप से रहे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर राजधानी रायपुर में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में प्रदेश भर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विमल साहू भी अपने साथियों के साथ सक्रिय रूप से शामिल हुए और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज़ बुलंद की।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की उपस्थिति तथा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

कांग्रेस ने मनरेगा में किए गए संशोधन, अफीम के अवैध कारोबार, एलपीजी गैस संकट, धान खरीदी में कथित भ्रष्टाचार, बढ़ती बेरोजगारी, बिजली दरों में लगातार वृद्धि और प्रदेश में बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने एकजुट होकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य ताम्रध्वज साहू, प्रभारी सचिव एस. सम्पत कुमार, जरिता लैतफलांग और विजय जांगिड़ सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विमल साहू ने कहा कि यह घेराव आम जनता की आवाज़ है और कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर जनता के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है, जिससे प्रदेश की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधानसभा घेराव कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Advertisement

Related Articles