बलौदाबाजार के भवानीपुर में हादसा, फंसे ड्राइवर को जेसीबी से निकाला गया




लखन हरवानी : बलौदाबाजार। बलौदाबाजार के गिधपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवानीपुर में बुधवार दोपहर एक सड़क हादसा हुआ। चिखली रेत घाट से रेत लेकर आ रहे एक हाइवा ने सामने से आ रहे डीजल-पेट्रोल टैंकर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों ड्राइवर अपने-अपने वाहनों के स्टेयरिंग में फंस गए। गिधपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी उनेख देशमुख ने बताया कि डीजल-पेट्रोल टैंकर बलौदाबाजार से डीजल खाली कर डिपो मंदिरहसोद लौट रहा था, तभी भवानीपुर के पास यह दुर्घटना हुई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से फंसे हुए ड्राइवर्स को बाहर निकाला।
घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया
इसके बाद, 108 एंबुलेंस से घायलों को तुरंत पलारी अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान टैंकर चालक हरिश्चंद्र पटेल (30) और हाइवा चालक मुकेश टंडन (27) के रूप में हुई है। दोनों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे हैं इस क्षेत्र में सड़क हादसे
30 दिसंबर को खपरी गांव के पास रेत ले जा रहे हाइवा ने सड़क किनारे खड़ी कुजर वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें 9 लोग घायल हुए और 2 की मौके पर मौत हो गई। इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया।इससे पहले भवानीपुर में ही हाइवा गाड़ी की चपेट में आने से 24 जनवरी को एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
एक अन्य घटना में एक स्कूली छात्रा को ट्रक ने कुचल दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यातायात नियमों की सख्ती से पालना कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग उठाई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात के नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।











