?> छत्तीसगढ़ में नकली Gold Flake सिगरेट का भंडाफोड़, 18 हजार सिगरेट के साथ दो गिरफ्तार – chhattisgarhprimetime

छत्तीसगढ़ में नकली Gold Flake सिगरेट का भंडाफोड़, 18 हजार सिगरेट के साथ दो गिरफ्तार

दुर्ग। इंदिरा मार्केट स्थित SSD ट्रेडर्स में नकली Gold Flake Premium सिगरेट बेचने के मामले का सिटी कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से Gold Flake Premium के नाम पर तैयार की गई कुल 18 हजार नकली सिगरेट बरामद की गई हैं। जब्त उत्पादों की कीमत करीब 2 लाख 7 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को ITC Limited के अधिकृत प्रतिनिधि की ओर से नकली Gold Flake सिगरेट की बिक्री की सूचना दी गई थी। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित SSD ट्रेडर्स में जांच और आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की।

जांच के दौरान प्रथम दृष्टया नकली उत्पादों की बिक्री का मामला सामने आने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 440/2026 दर्ज किया। मामले में BNS की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत कार्रवाई की गई।

दो आरोपियों से 18 हजार सिगरेट बरामद

पुलिस ने मामले में विशाल जसवानी (36) निवासी गुरूनानक नगर, दुर्ग और निखिल सिहानी (29) निवासी सदानी नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से Gold Flake Premium नाम अंकित 24 बंडल में 12 हजार सिगरेट और 12 बंडल में 6 हजार सिगरेट बरामद की गईं। इस तरह कुल 18 हजार नकली सिगरेट जब्त की गईं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों प्रकार के उत्पादों के पैकेट पर MRP 115 रुपये और QR नंबर भी अंकित पाया गया। आरोप है कि वास्तविक उत्पाद से मिलती-जुलती पैकेजिंग और ब्रांड पहचान का इस्तेमाल कर इन्हें आर्थिक लाभ के लिए बेचा जा रहा था।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

प्रकरण में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले में नकली उत्पादों की बिक्री से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ब्रांड के संदिग्ध या नकली उत्पाद की बिक्री अथवा भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही उपभोक्ताओं से उत्पाद खरीदते समय उसकी पैकेजिंग और प्रामाणिकता की जांच करने की अपील की गई है।

Related Articles