कसडोल स्वास्थ्य केंद्र में पहली सफल सिजेरियन डिलीवरी, क्षेत्रवासियों को मिली बड़ी राहत



चंदन जायसवाल कसडोल
कसडोल,,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई। स्वास्थ्य केंद्र में पहली बार सफलतापूर्वक एक क्रिटिकल सिजेरियन डिलीवरी (सी-सेक्शन ऑपरेशन) संपन्न की गई। इस सफलता के साथ अब क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को जटिल प्रसव के लिए दूर-दराज के अस्पतालों या निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।




जानकारी के अनुसार, अब तक इस प्रकार के सिजेरियन ऑपरेशन के लिए मरीजों को बड़े शहरों के निजी अस्पतालों में जाना पड़ता था, जहां उपचार पर भारी खर्च आता था। लेकिन कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में यह सुविधा शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क उपचार का लाभ मिल सकेगा।
इस सफल ऑपरेशन को बीएमओ एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वंदना भेले के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अंजाम दिया। ऑपरेशन की सफलता से स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों और स्टाफ में उत्साह का माहौल है।
क्षेत्र के लोगों ने इसे कसडोल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस सुविधा के शुरू होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर डॉ. वंदना भेले सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल के समस्त चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को क्षेत्रवासियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी









