स्व. पं. बंशराज तिवारी की स्मृति में 6 मई को निःशुल्क रोग निदान शिविर




लखन हरवानी : बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय स्थित चंदा देवी तिवारी हॉस्पिटल में पूर्व विधायक (1977-80), अधिवक्ता एवं समाजसेवी स्व. पं. बंशराज तिवारी की स्मृति एवं जन्म जयंती पर 6 मई को 20वें निःशुल्क रोग निदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर पिछले 20 वर्षों से उनके पुत्र डॉ. प्रमोद तिवारी द्वारा निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिससे अब तक हजारों मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। एक दिवसीय इस निःशुल्क शिविर में सामान्य रोगों के साथ स्त्री रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, अस्थि रोग, उदर रोग, श्वसन रोग, रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की जाएगी। इसके अलावा हाइड्रोसील, हार्निया एवं बवासीर से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन भी निःशुल्क किए जाएंगे। शिविर में आवश्यकतानुसार मरीजों की खून जांच, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी तथा दवा वितरण की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उचित परामर्श एवं संभावित उपचार की जानकारी दी जाएगी। शिविर में डॉ. प्रमोद तिवारी के साथ उनके पुत्र डॉ. नितिन तिवारी, पुत्रवधु डॉ. गीतिका शंकर तिवारी, पुत्री डॉ. सुकृति तिवारी सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि यह भव्य निःशुल्क शिविर 6 मई बुधवार को प्रातः 10 से सायं 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मरीजों का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। आयोजकों ने जरूरतमंद मरीजों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सेवा कार्य का लाभउठाने की अपील की है।











