LIVE UPDATE

हमर अस्पताल दो साल से काम बंद: कन्हैया

रायपुर । रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था और विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने भाजपा सरकार, स्थानीय विधायक और सांसद पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दुर्भावना और जनप्रतिनिधियों की घोर उदासीनता के कारण दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के नागरिक अपने ही गली-मोहल्लों में बेहतर चिकित्सा सुविधा पाने के लिए तरस रहे हैं।

विज्ञापन

कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि सदर बाजार वार्ड में राष्ट्रीय शहरी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर’ के माध्यम से हमर अस्पताल’ के निर्माण हेतु कांग्रेस शासनकाल के दौरान 14 अप्रैल 2022 को 25 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद प्रक्रिया से गुजरते हुए 26 सितंबर 2023 को इसका टेंडर स्वीकृत किया गया और मेसर्स नटराज इंफ्रा बिल्डकॉन ने 04 मार्च 2024 को भूमि पूजन कर बकायदा काम शुरू भी कर दिया था।

“कांग्रेस सरकार ने जनता की सहूलियत के लिए बजट जारी किया था, लेकिन सत्ता बदलते ही भाजपा सरकार ने फंड रोक दिया। फंड के अभाव में 25 जुलाई 2024 से अस्पताल का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है।
कन्हैया अग्रवाल, महामंत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी

कांग्रेस नेता ने वित्तीय विफलता को उजागर करते हुए कहा कि 15वें वित्त से जारी की गई इस राशि का उपयोग करने के बजाय भाजपा सरकार ने या तो इसे वापस मंगा लिया या यह राशि पूरी तरह से लैप्स हो गई। इसी लापरवाही के चलते 14 अक्टूबर 2025 को पुराना टेंडर भी निरस्त कर दिया गया।

नया फंड अब तक जारी नहीं किया गया है, जिसके कारण निर्माणाधीन ‘हमर अस्पताल’ आज एक खंडहर की अवस्था में तब्दील हो चुका है। अस्पताल का काम तत्काल प्रारंभ करवाने की मांग को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी मिश्रा सहित सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक को ज्ञापन दिया जाएगा ..
कन्हैया अग्रवाल ने रायपुर दक्षिण के विधायक श्री सुनील सोनी और सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि क्षेत्र की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति दोनों शीर्ष नेताओं में भारी उदासीनता और दुर्भावना साफ नजर आ रही है। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विकास को हमेशा से अनदेखा किया गया है, जिसका खामियाजा सीधे तौर पर यहाँ की आम जनता भुगत रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि इस अस्पताल के महत्व को समझते हुए राजनीति से ऊपर उठकर तत्काल नया फंड जारी किया जाए और निर्माण कार्य को अविलंब पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को उनके ही घर के पास बेहतर और सुलभ चिकित्सा व्यवस्था मिल सके।

Related Articles