जन समस्या निवारण शिविर में विधायक कविता प्राण लहरे ने उठाई पूर्ण शराबबंदी की मांग

चंदन जायसवाल : बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झुमका में जन समस्या निवारण शिविर के दौरान विधायक कविता प्राण लहरे ने प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पत्र प्रेषित कर छत्तीसगढ़ में महिलाओं, माताओं एवं परिवारों की लंबे समय से चली आ रही शराबबंदी की मांग पर तत्काल ठोस निर्णय लेने का आग्रह किया।

विधायक लहरे ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते शराब सेवन के कारण घरेलू हिंसा, अपराध, आर्थिक बर्बादी और सामाजिक विघटन जैसी गंभीर समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि हजारों परिवार शराब के दुष्प्रभाव से प्रभावित हैं और महिलाओं द्वारा लगातार शराबबंदी की मांग किए जाने के बावजूद इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

जन समस्या निवारण शिविर में विधायक ने सरकार के सुशासन तिहार और जनसमस्याओं के समाधान के दावों के बीच यह सवाल भी खड़ा किया कि क्या सरकार वास्तव में जनता की इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा करेगी या यह केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेशहित, महिला सुरक्षा और सामाजिक सुधार को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी लागू करना आवश्यक है। अब क्षेत्रवासियों सहित पूरे प्रदेश की नजर सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Advertisement

Related Articles